ब्यूरो उन्नाव




उन्नाव। भूतपूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के जन्मदिवस को निराला प्रेक्षागृह में “किसान सम्मान दिवस” के रूप में गरिमा और भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जनपद के अग्रणी किसानों को सम्मानित किया गया और मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के लाभार्थी किसानों को चेक वितरित किए गए। बता दे कि किसान सम्मान दिवस समारोह की शुरुआत डीएम गौरांग राठी ने भूतपूर्व प्रधानमंत्री के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर की। इस मौके पर विधायक ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसान हमारे अन्नदाता और भगवान के समान होते हैं। उन्होंने बताया कि चौधरी चरण सिंह किसानों के मसीहा थे, जिन्होंने हमेशा किसानों के कल्याण के लिए कार्य किया। विधायक ने सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि किसान इन योजनाओं से जुड़कर अपनी आय को दोगुना कर सकते हैं। इस अवसर पर कृषि, पशुपालन, उद्यान, मत्स्य, प्राकृतिक खेती आदि के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले किसानों को शॉल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही प्रगतिशील किसानों ने भूतपूर्व प्रधानमंत्री के साथ अपने कार्य के अनुभव साझा किए। मुख्य विकास अधिकारी प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि आज का दिन किसानों की मेहनत और कार्यकुशलता को सम्मानित करने का है। उन्होंने बताया कि सरकार किसानों को सशक्त बनाने के लिए उन्नतिशील बीजों, कृषि और सिंचाई यंत्रों पर 50 से 90 प्रतिशत तक का अनुदान दे रही है। उप निदेशक कृषि मुकुल तिवारी ने जानकारी दी कि जनपद स्तर पर कृषि, पशुपालन, उद्यान, मत्स्य, और प्राकृतिक खेती में अच्छा प्रदर्शन करने वाले 46 और प्रत्येक विकास खंड स्तर पर 5-5, कुल 126 किसानों को सम्मानित किया गया। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अपनी फसलों का बीमा कराएं। इस मौके पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. शशांक, जिला उद्यान अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, सहायक निदेशक मत्स्य बाल किशोर दुबे, भूमि संरक्षण अधिकारी अशोक कुमार सहित अन्य अधिकारी और किसान उपस्थित रहे।

विज्ञापन हेतु
रिपोर्टर बनने के लिए संपर्क +91-9355638761, +91-8429092222
सहयोग राशी 1150/- रूपये मात्र



