संचालक के साथ बेकरी पर भी कार्यवाही किये जाने की उठी मांग
ललितपुर। बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर कोतवाली पुलिस ने बाल मजदूरी कर रहे नाबालिग की मां की तहरीर पर बेकरी संचालक समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। वहीं बंधक मजदूरी कर रहे नाबालिक को बेकरी से निकालकर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। मानवता को शर्मसार करने वाले इस प्रकरण को लेकर शहर क्षेत्र में राजकीय महाविद्यालय के पास स्थित एक कालोनी में रहने वाली महिला ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके 10 वर्षीय नाबालिग पुत्र को एक माह पहले शनि ठाकुर पुत्र किशोर सिंह अपनी गाड़ी में बैठाकर लक्ष्मीपुरा स्थित बेकरी जिसके संचालक मोहित साहू पुत्र हरनारायण साहू बताया जा रहा है के यहां ले गया था। बताया जा रहा है कि बेकरी में की ब्रेड बनाये जा रहे थे। बे्रड बनाने के लिए नाबालिग को जबरन भट्टी के सामने बैठाकर बाल मजदूरी करायी जा रही थी। बताया कि शनि ठाकुर व राजकुमार कुशवाहा द्वारा उसके नाबालिग पुत्र से बालश्रम कराया जा रहा था, जिसके एवज में 200 रुपये मजदूरी के दिये। महिला ने बताया कि राजकुमार कुशवाहा पुत्र महेश कुशवाहा द्वारा उसके पुत्र के साथ गाली-गलौज व मारपीट की गयी। इधर महिला की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मोहित साहू, शनि ठाकुर व राजकुमार कुशवाहा के खिलाफ बालक श्रम (प्रतिषेध और विनियमन) अधिनियम 1986 की धारा 3/14 और बीएनएस की धारा 352 व 115 (2) के तहत एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।




श्रम विभाग से बेकरी के खिलाफ कठोर कार्यवाही की मांग
सोशल मीडिया पर वायरल हुये नाबालिग को बंधक बनाकर बालश्रम कराने की वीडियो के बाद शहरवासियों ने श्रम विभाग से बेकरी संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही किये जाने की मांग उठायी है। वहीं दूसरी ओर बेकरी संचालक का खाद्य एवं फूड सेफ्टी का लाइसेंस निरस्त किये जाने की भी मांग उठायी जा रही है।
जिला प्रशासन ले संज्ञान, नाबालिग को करे शिक्षित
शहर में यह भी चर्चाओं का विषय बना हुआ है कि मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना अनिवार्य शिक्षा के तहत जिला प्रशासन को इस प्रकरण का संज्ञान लेकर नाबालिग बच्चे को शिक्षित बनाने और शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में कार्य करना चाहिए।
असंगठित कर्मचारी यूनियन ने दिया ज्ञापन
लक्ष्मीपुरा स्थित शुभम बेकरी में नाबालिग को प्रताडि़त कर बंधक बनाकर कराये जा रहे बालश्रम को लेकर असंगठित कर्मचारी यूनियन ने एक ज्ञापन जिलाधिकारी को भेजा है। ज्ञापन में यूनियन जिलाध्यक्ष प्रदीप श्रीवास्तव ने वायरल वीडियो और उसमें दर्शाये जा रहे तथ्यों का हवाला देते हुये बेकरी संचालक के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही किये जाने की मांग उठायी है। ज्ञापन पर जिलाध्यक्ष प्रदीप श्रीवास्तव, हर्ष तिवारी, खलक सिंह राजपूत, विनोद मिश्रा, मुलायम सिंह के अलावा अनेकों लोगों के हस्ताक्षर अंकित बताये गये हैं।

विज्ञापन हेतु
रिपोर्टर बनने के लिए संपर्क +91-9355638761, +91-8429092222
सहयोग राशी 1150/- रूपये मात्र



