राष्ट्रीय सेवा योजना का तीसरा एक दिवसीय शिविर सम्पन्न
“फाइलेरिया मुक्त भारत” अभियान को लेकर महाविद्यालय परिसर में चला जागरूकता कार्यक्रम
चित्रकूट।
दिनांक 09 फ़रवरी 2026 को गोस्वामी तुलसीदास राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, चित्रकूट में राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत तीसरे एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर “फाइलेरिया मुक्त भारत” अभियान के तहत महाविद्यालय परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें विद्यार्थियों को फाइलेरिया रोग से बचाव एवं उसके उन्मूलन के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. राजेश पाल ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि फाइलेरिया फैलाने वाले मच्छर प्रायः सुबह और शाम के समय अधिक सक्रिय होते हैं, अतः इस दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचना चाहिए। उन्होंने लंबी आस्तीन की कमीज़ व पतलून पहनने तथा तेज सुगंध वाले परफ्यूम या कोलोन के प्रयोग से परहेज़ करने की सलाह दी, जिससे मच्छरों के आकर्षण को कम किया जा सके।
इस अवसर पर पीसीआई से राहुल केशरवानी ने फाइलेरिया को एक परजीवी जनित रोग बताते हुए कहा कि यह संक्रमित मच्छर के काटने से फैलता है और समय के साथ हाथ-पैर अथवा जननांगों में सूजन का कारण बन सकता है। उन्होंने बचाव के लिए रात में मच्छरदानी के उपयोग, मच्छर भगाने वाली क्रीम या लोशन लगाने, पूरे शरीर को ढकने वाले वस्त्र पहनने तथा खिड़की-दरवाज़ों पर जाली लगाने पर विशेष बल दिया।
उन्होंने घर और आसपास पानी जमा न होने देने, कूलर, टंकी, गमले व टायरों की नियमित सफ़ाई, नालियों की स्वच्छता तथा आवश्यकतानुसार कीटनाशक छिड़काव की आवश्यकता बताई। साथ ही सरकार द्वारा वर्ष में एक बार दी जाने वाली फाइलेरिया की दवा (DEC + Albendazole / Ivermectin) को बिना किसी लक्षण के भी नियमित रूप से सेवन करने की अपील की। उन्होंने व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, सूजन या बार-बार बुखार आने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना की सेवाकर्मी एवं कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सीमा कुमारी, डॉ. धर्मेंद्र सिंह एवं डॉ. गौरव पांडेय उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए फाइलेरिया उन्मूलन का संकल्प दोहराया।






विज्ञापन हेतु
रिपोर्टर बनने के लिए संपर्क +91-9355638761, +91-8429092222
सहयोग राशी 1150/- रूपये मात्र



