*एमसीडी के 12 वार्डों में हो रहे उपचुनाव के लिए “आप” उम्मीदवारों ने भरा नामांकन*
*- “आप” उम्मीदवारों में जबरदस्त उत्साह, उपचुनाव में भाजपा का सफाया करने के लिए प्रचार में झोंकी ताकत*
*- उपचुनाव में “आप” ने दूसरी पार्टी से आए पैराशूट उम्मीदवारों के बजाय अपने कार्यकर्ताओं को महत्व दिया है- सौरभ भारद्वाज*
*- भाजपा सरकार के फर्जी दावों और वादों से नाराज दिल्ली की जनता “आप” को जीता कर बदला लेगी – सौरभ भारद्वाज*
*- यह उप-चुनाव दिल्ली के विकास, स्वच्छता और जनसेवा के विज़न को आगे बढ़ाने का अवसर है- अंकुश नारंग*
*नई दिल्ली, 10 नवंबर 2025*
आगामी 30 नवंबर को दिल्ली नगर निगम के 12 वार्डों में होने वाले उपचुनाव के लिए सोमवार को आम आदमी पार्टी के सभी उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल कर दिया। इस दौरान “आप” उम्मीदवारों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। नामांकन के बाद सभी उम्मीदवारों ने भाजपा का सफाया करने के लिए प्रचार में अपनी ताकत झोंक दी है। “आप” के दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने सभी उम्मीदवारों को जीत की अग्रिम बधाई देते हुए कहा कि उपचुनाव में “आप” की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी ने दूसरी पार्टी से आए पैराशूट उम्मीदवारों के बजाय अपने कर्मठ कार्यकर्ताओं को महत्व दिया है। आज दिल्ली की जनता भाजपा सरकार के फर्जी दावों और वादों से बेहद नाराज है और उपचुनाव में सभी सीटों पर आम आदमी पार्टी को जीता कर बदला लेना चाहती है।
सौरभ भारद्वाज ने बताया कि रविवार को आम आदमी पार्टी ने सभी 12 वार्डों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी की थी। पार्टी की पीएसी ने दूसरी पार्टियों से आए नेताओं को टिकट देने के बजाय अपने पुराने कर्मठ कार्यकर्ताओं पर मौका दिया है। इस चुनाव को लेकर हमारे उम्मीदवारों में उत्साह तो है ही, दिल्ली की जनता के अंदर भी आम आदमी पार्टी के प्रति जबरदस्त उत्साह है। दिल्ली की जनता प्रदूषण, हर तरफ फैले कूड़े और वादाखिलाफी से भाजपा सरकार से बेहद नाराज है। हमें पूरी उम्मीद है कि उपचुनाव में भाजपा का पूरी तरह सफाया होगा।
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज द्वारा 12 वार्डों में जारी पार्टी के उम्मीदवारों सूची के अनुसार, वार्ड नंबर 164 (दक्षिणपुरी) से राम स्वरूप कनोजिया, वार्ड नंबर 163 (संगम विहार ए) से अनुज शर्मा, वार्ड नंबर 173 (ग्रेटर कैलाश) से ईशना गुप्ता, वार्ड नंबर 198 (विनोद नगर) से गीता रावत, वार्ड नंबर 56 (शालीमार बाग बी) से बबीता अहलावत, वार्ड नंबर 65 (अशोक विहार) से सीमा विकास गोयल, वार्ड नंबर 74 (चांदनी चौक) से हर्ष शर्मा, वार्ड नंबर 76 (चांदनी महल) से मुद्दसिर उस्मान कुरैशी, वार्ड नंबर 120 (द्वारका बी) से राजबाला सेहरावत, वार्ड नंबर 35 (मुंडका) से अनिल लाकरा, वार्ड नंबर 139 (नारायणा) से राजन अरोड़ा और वार्ड नंबर 128 (दिचाऊं कलां) से नीतू केशव चौहान ने पार्षद चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया है।
उधर, एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि दिल्ली नगर निगम उप-चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी से सोमवार को 12 सीटों पर नामांकन दाखिल किया गया। सभी उम्मीदवारों को हार्दिक बधाइयां एवं शुभकामनाएं। यह उप-चुनाव सिर्फ सीटों की लड़ाई नहीं, बल्कि दिल्ली के विकास, स्वच्छता और जनसेवा के विज़न को आगे बढ़ाने का अवसर है। “आप” के सभी उम्मीदवार ईमानदारी, पारदर्शिता और जनहित की नीति पर चलते हुए दिल्ली को बेहतर, सुंदर और जवाबदेह बनाने के संकल्प के साथ मैदान में हैं। जनता का आशीर्वाद और समर्थन ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। आइए, मिलकर एक स्वच्छ, आधुनिक और जन केन्द्रित दिल्ली के सपने को साकार करें।





विज्ञापन हेतु
रिपोर्टर बनने के लिए संपर्क +91-9355638761, +91-8429092222
सहयोग राशी 1150/- रूपये मात्र



