*चित्रकूट*
*भव्य आयोजन के साथ मनाया गया 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस*
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस का भव्य आयोजन गोस्वामी तुलसीदास राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेड़ीपुलिया, कर्वी में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी पुलकित गर्ग द्वारा मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके पश्चात उपस्थित अधिकारियों, जनमानस एवं छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय मतदाता दिवस का बैज लगाया गया तथा सभी को मतदाता शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में चित्रकूट इंटर कॉलेज कर्वी की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना, स्वागत गीत एवं मतदाता जागरूकता गीत प्रस्तुत किया गया। वहीं गोस्वामी तुलसीदास महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मत के महत्व पर सारगर्भित भाषण एवं गीत प्रस्तुत किए। चित्रकूट इंटर कॉलेज के राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक लालमन द्वारा भी मतदाता जागरूकता गीत प्रस्तुत किया गया।
जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी एवं उप जिलाधिकारी सदर द्वारा भाषण, चित्रकला, गीत एवं नाटक प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही दिव्यांग मतदाताओं एवं वरिष्ठ नागरिकों को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2026 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ डॉ. सुमन मिश्रा, ललित कुमार एवं बृजेश कुमार को भी सम्मानित किया गया। स्वीप आइकन एवं राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक मइयादीन पटेल को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवाओं को मतदाता बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने लोकतंत्र में जागरूक नागरिकों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बच्चों से बीएलओ का फुल फॉर्म, जनपद में विधानसभा की संख्या जैसे प्रश्न पूछे तथा समाचार पत्र पढ़ने की आदत विकसित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि मतदान जाति, धर्म या प्रलोभन के आधार पर नहीं होना चाहिए।
अपर जिलाधिकारी चंद्रशेखर ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 6 जनवरी से 6 फरवरी तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने का कार्य चल रहा है, जिसमें सभी पात्र युवा फॉर्म-6 भरकर अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। उप जिलाधिकारी कर्वी सदर पूजा साहू ने जानकारी दी कि 31 जनवरी एवं 1 फरवरी को विशेष मतदाता पंजीकरण तिथि निर्धारित है, जिस दिन बीएलओ अपने बूथों पर दिनभर उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक एवं नोडल अधिकारी स्वीप रविशंकर द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया तथा आभार प्रदर्शन प्रवक्ता सुरेश प्रसाद द्वारा किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश पाल ने ओडीओपी के अंतर्गत लकड़ी के खिलौने भेंट कर अतिथियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. वंश गोपाल द्वारा किया गया।
इस अवसर पर निर्वाचन कार्यालय के वरिष्ठ सहायक स्वामीनाथ मिश्र, वसी अहमद, डॉ संदीप, डॉ धर्मेंद्र सिंह, डॉ मुकेश, डॉ अमित सिंह, डॉ नीरज कुमार, डॉ सीमा कुमारी, डॉ अतुल कुशवाहा, विजय कुमार पाण्डेय , रामेश्वर प्रजापति, सुनील कुमार शुक्ला, डॉ पवन तिवारी, दिनेश कुमार सिंह, ललित कुमार, रामदयाल आदि के अतिरिक्त रोवर- रेंजर्स एवं एन०सी०सी० कैडेट के साथ महाविद्यालय एवं ज्ञान भारती इंटर कॉलेज कर्वी के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



















विज्ञापन हेतु
रिपोर्टर बनने के लिए संपर्क +91-9355638761, +91-8429092222
सहयोग राशी 1150/- रूपये मात्र



