ललितपुर। सिविल लाइन स्थित अंग्रेजी माध्यम के विद्यालय में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का विधिवत उद्घाटन पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण व सीएमओ डा. इम्तियाज अहमद ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। सीएमओ ने बताया कि एल्बेंडाजोल के सेवन से कृमि संक्रमण से बचाव होता है। यह दवा पूर्ण रूप से सुरक्षित व इसका कोई दुष्प्रभाव नही है तथा उन्होनें बेहिचक दवा का सेवन करने का जनपद के सभी बच्चों से आह्वान किया। डीपीओ रजिया फिरोज ने बताया कि बच्चों के पेट में कीडे होने से शरीर में खून की कमी हो जाती है तथा शरीर में कुपोषण हो सकता है। सामुदायिक प्रक्रिया प्रबंधक गणेश तेनगुरिया ने कहा कि जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम के अन्तर्गत सरकारी स्कूलों, निजी विद्यालयों व आंगनबाडी केन्द्रों पर 01 से 19 वर्ष तक के बच्चों को पेट के कीड़े निकालने के लिये यह दवा खिलाई जा रही है। बड़ेे बच्चों को दवा चबाकर एवं छोटे बच्चों को चूरा बनाकर पानी के साथ खिलाया जायेगा। इस दवा का कोई साइड इफेक्ट नही है तथा इससे पेट में कीड़े ज्यादा होने पर उल्टी-मिचली महसूस हो सकती है, जोकि एक सामान्य प्रक्रिया है। दवा खाने के थोडी देर बाद सब कुछ सामान्य हो जाता है। इस दौरान प्रतिरक्षण अधिकारी डा.शिवप्रकाश ने सभी बच्चों को कृमि के पेट में पलने की प्रक्रिया के बारे में तथा उसके दुष्प्रभावों से अवगत कराया। पंचायत अध्यक्ष ने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुये सभी बच्चों को स्वास्थ्य रहने और कृमि से लडऩे के लिये वर्ष में दो बार एल्बेंडाजोल की दवा खाने के लिये प्रोत्साहित किया। इस दौरान फॉदर पीटर सिल्वेस्टर, सिस्टर शैलजा, अंजलि नायक, प्रीति लाल, मोहित जैन, प्राची साहू, अशोक मैतेरे, अजित नापित उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि का स्वागत हेड ब्वाय पार्थ चौबे एवं हेड गर्ल अनुष्का ने किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग से डा.हुसैन खान, डा.राजेश भारती, रविशंकर झा, डा.सुखदेव पंकज, डा.रूद्र बुन्देला, डा.तारिक अंसारी व एनडीडी कार्डिनेटर जयेश बादल आदि उपस्थित थे।





विज्ञापन हेतु
रिपोर्टर बनने के लिए संपर्क +91-9355638761, +91-8429092222
सहयोग राशी 1150/- रूपये मात्र



