गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी और किल्लत के खिलाफ आप का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन




घरेलू सिलेंडर ₹60 और कमर्शियल ₹120 महंगा होने से जनता व छोटे कारोबारियों पर बढ़ा बोझ
चित्रकूट, 14 मार्च।
देश में बढ़ती महंगाई, एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि और गैस की किल्लत के विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जिला कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के विरोध में नारेबाजी करते हुए राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
पार्टी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण आम जनता महंगाई और आर्थिक संकट से जूझ रही है। गैस सिलेंडरों की किल्लत के कारण लोगों को एक बार फिर लाइनों में लगने को मजबूर होना पड़ रहा है, जिसका सबसे अधिक असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है।
जिलाध्यक्ष सन्तोषी लाल शुक्ला ने कहा कि हाल ही में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में ₹60 और कमर्शियल गैस सिलेंडर में ₹120 की बढ़ोतरी से आम जनता और छोटे व्यापारियों की परेशानी और बढ़ गई है। होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े लाखों छोटे कारोबारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कई स्थानों पर छोटे कारोबार बंद होने की स्थिति में पहुंच गए हैं।
उन्होंने कहा कि देश में उपयोग होने वाली लगभग 60 प्रतिशत एलपीजी विदेशों से आयात की जाती है। अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के चलते ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हो रही है, लेकिन केंद्र सरकार ने इस स्थिति से निपटने के लिए ठोस रणनीति नहीं बनाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि रूस से सस्ता तेल खरीदने में कमी के कारण देश को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है, जिसका असर महंगाई के रूप में जनता को झेलना पड़ रहा है।
बुंदेलखंड प्रांत अध्यक्ष विवेक जैन ने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र की नीतियों के कारण कई छोटे उद्योग प्रभावित हो रहे हैं और हजारों लोगों के रोजगार पर संकट खड़ा हो गया है। यदि समय रहते महंगाई और ऊर्जा संकट पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
पार्टी ने राष्ट्रपति के नाम दिए गए ज्ञापन में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में की गई बढ़ोतरी वापस लेने, पेट्रोल-डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए पारदर्शी नीति लागू करने तथा गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी देने की मांग की।
इस मौके पर बुंदेलखंड प्रांत अध्यक्ष विवेक जैन, प्रांत महासचिव अंकित सिंह, नर्वदा प्रसाद यादव, लवलेश केसरवानी, शिवशंकर सिंह, श्याम बाबू त्रिपाठी, वीरेंद्र सिंह, डॉ. रमाकांत गुप्ता, अरुण कुमार, ज्योति देवी, कविता देवी, अरुण केसरवानी, महफूल अहमद, पूरन सिंह, सलाहुद्दीन, सन्नो देवी मौर्या, दीपिका वर्मा, डॉ. राकेश सिंह पटेल, राज बहादुर साहू, मनधूमन पाण्डेय, दिनेश सिंह पटेल, संतोष कुमार कुशवाह, शिव सिंह, बसंत पटेल, सोनम श्रीवास सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




विज्ञापन हेतु
रिपोर्टर बनने के लिए संपर्क +91-9355638761, +91-8429092222
सहयोग राशी 1150/- रूपये मात्र



