जाखलौन (ललितपुर)। कस्बे की कृषि मंडी में खुलने वाला मूंगफली क्रय केंद्र अभी तक नहीं खोला गया है। इसके चलते किसानों में असंतोष व्याप्त है। किसान नेताओं ने तत्काल मूंगफली केंद्र प्रारंभ किए जाने की मांग की है। किसानों का आरोप है कि क्रय केंद्र संचालक जान-बूझकर खरीद केंद्र प्रारंभ करने में विलंब कर रहे हैं। ताकि किसान की मूंगफली व्यापारी खरीद सकें। बताते चलें कि अतिवृष्टि और अनावृष्टि से परेशान होकर किसानों ने इस वर्ष नया प्रयोग करते हुए बड़े पैमाने पर मूंगफली की खेती प्रारंभ की थी, जिसमें उन्हें आशातीत सफलता मिली। पैदावार भी उर्द, मूंग, सोयाबीन की अपेक्षा अच्छी हुई। अच्छा उत्पादन होने के कारण किसानों के पास भारी मात्रा में मूंगफली का भंडारण हो गया है, लेकिन मंडी भाव कम होने के कारण किसान अपनी मूंगफली को नहीं बेच पा रहा है। अपनी आवश्यकताओं को देखते हुए किसान अपनी कठिन परिश्रम कर पैदा की हुई मूंगफली की फसल कोऔने पौने भाव पर बेचने को मजबूर है। किसने की समस्याओं को देखते हुए स्थानीय विधायक रामरतन कुशवाहा ने जिलाधिकारी को निर्देशित कर खरीद केंद्र खोले जाने की मांग की थी। सरकार ने कस्बे के मंडी परिसर में सेरवासकलां एग्रो फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड को खरीद केंद्र खोलने की अनुमति दी थी। लेकिन कई दिन गुजर जाने के बाद भी अभी तक क्रय केंद्र पर मूंगफली की खरीद प्रारंभ नहीं की गई है। शादियों का सीजन आने के कारण किसान अपनी मूंगफली की फसल को औने पौने भाव पर बेचने को मजबूर है। स्थानीय व्यापारी और दुकानदार किसान की मजबूरी का लाभ उठाते हुए सस्ते दरों पर मूंगफली खरीद रहे हैं। जिससे किसानों में निराशा है। किसान नेताओं ने मांग की है कि किसान हित में सरकारी खरीद केंद्र को तत्काल प्रारंभ करवाया जाए। इस संबंध में उन्होंने एक पत्र जिलाधिकारी को लिखकर तत्काल खरीद केंद्र प्रारंभ करवाने की मांग की है।





विज्ञापन हेतु
रिपोर्टर बनने के लिए संपर्क +91-9355638761, +91-8429092222
सहयोग राशी 1150/- रूपये मात्र



