*उमंग डेयरी लिमिटेड के चिप्स प्लांट से निकलता गंदा पानी व उड़ती राख बनी ग्रामीणों के लिए खतरा*
ग्रामीणों में रोष, हादसों की आशंका, पशुओं के चारे पर जमी राख
उमंग डेयरी लिमिटेड परिसर में स्थापित चिप्स प्लांट क्षेत्रीय ग्रामीणों के लिए गंभीर समस्या का कारण बनता जा रहा है। प्लांट के संचालन के बाद से आसपास के इलाके में उड़ती राख, धूल एवं प्रदूषित कणों का फैलाव लगातार बढ़ रहा है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन जोखिम भरा हो गया है।ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर उड़ती राख और धूल के कारण बाइक सवार, साइकिल सवार एवं पैदल चलने वाले लोगों की आंखों में कण गिर रहे हैं, जिससे आंखों में जलन, धुंधला दिखना और संतुलन बिगड़ने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि शीघ्र नियंत्रण नहीं हुआ तो किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस गंभीर समस्या को लेकर कंपनी प्रबंधन से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया, जिससे हालात “ज्यों के त्यों” बने हुए हैं।पशुओं के चारे पर जमी राख, पशुपालक परेशान ग्रामीणों ने बताया कि चिप्स प्लांट से निकलने वाला गंदा पानी एवं राख आसपास के खेतों में फैल रही है, जिससे खेतों में उगने वाला चारा और पेड़ प्रभावित हो रहे हैं। राख जमने के कारण पशु चारा नहीं खा रहे हैं, जिससे पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। साथ ही पशुओं के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।ग्रामीणों में बढ़ता आक्रोश लगातार अनदेखी से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही राख व गंदे पानी पर नियंत्रण, सड़क पर धूल रोकने की व्यवस्था एवं प्रभावी प्रदूषण नियंत्रण उपाय नहीं किए गए, तो वे प्रशासन से शिकायत दर्ज कराने के साथ आंदोलन करने को मजबूर होंगे।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेकर जांच कराई जाए तथा कंपनी प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि आमजन और पशुधन को हो रही परेशानी से शीघ्र राहत मिल सके।इस मौके पर गौरव, बबलू, महिपाल सिंह, मुनीदेव, शतीस कुमार, रोकी, गौतम कुमार, सुनील कुमार सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।





विज्ञापन हेतु
रिपोर्टर बनने के लिए संपर्क +91-9355638761, +91-8429092222
सहयोग राशी 1150/- रूपये मात्र



