हमीरपुर।
कुरारा विकास खंड क्षेत्र की शंकरपुर ग्राम पंचायत के मजरा परसी डेरा में पेयजल आपूर्ति की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से करीब 300 ग्रामीणों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से पाइपलाइन खराब होने के कारण नलों में पानी नहीं आ रहा है, जिससे पूरी जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है। इस समस्या को लेकर ग्राम प्रधान प्रियंका निषाद ने जिलाधिकारी को पत्र सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की है। पत्र में उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत न होने से ग्रामीणों को मजबूरी में दूर स्थित निजी नलकूपों से पानी लाना पड़ रहा है। इससे ग्रामीणों का समय और श्रम दोनों अधिक खर्च हो रहा है तथा दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। स्थानीय निवासी रामसेवक, बृजलाल और रमेश ने बताया कि नियमित पेयजल आपूर्ति न मिलने से भारी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं, खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ग्राम प्रधान और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि परसी डेरा में क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत कर पेयजल आपूर्ति बहाल कराई जाए, अन्यथा आने वाले दिनों में जल संकट और गंभीर हो सकता है।






विज्ञापन हेतु
रिपोर्टर बनने के लिए संपर्क +91-9355638761, +91-8429092222
सहयोग राशी 1150/- रूपये मात्र



