बाँदा।जनपद के ग्राम मरौली स्थित श्रीरामजानकी मंदिर परिसर में शनिवार को निःशुल्क विशाल नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन श्रीराम जानकी मंदिर समिति एवं समस्त ग्रामवासियों के संयुक्त सहयोग से किया गया,जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता कर नेत्र जांच कराई।कार्यक्रम के संरक्षक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नि:प्रदेश सह संयोजक एवं स्वावलंबी भारत अभियान से जुड़े स्वतंत्र साहू की विशेष भूमिका रही।शिविर में अनुभवी नेत्र चिकित्सकों द्वारा ग्रामीणों की आंखों की जांच कर दृष्टि संबंधी रोगों से पीड़ित लोगों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में नेत्र रोगों की समय पर पहचान कर उपचार की दिशा में कदम बढ़ाना तथा आमजन को नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा। शिविर के सफल आयोजन में ग्रामवासियों का सक्रिय सहयोग रहा।ग्रामीणों ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की मांग की।
राइफल क्लब मैदान बचाने की मुहिम के समर्थन में शहर कांग्रेस
फोटो 2
बाँदा।शहर कांग्रेस अध्यक्ष अफसाना शाह ने बयान जारी कर कहा है कि वह स्वयं,उनकी समिति और समस्त कांग्रेसजन राइफल क्लब मैदान को बचाने के लिए चल रही मुहिम के साथ हैं।उन्होंने कहा कि राइफल क्लब मैदान बच्चों,युवाओं और खिलाड़ियों के लिए एक परंपरागत व ऐतिहासिक खेल मैदान है,जहाँ वर्षों से खेल गतिविधियां होती रही हैं।उन्होंने बताया कि इस मैदान पर देश की कई बड़ी हस्तियां आ चुकी हैं और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी सहित अनेक नेताओं ने यहां विशाल जनसभाओं को संबोधित किया है।शहर में रेलवे लाइन के इस पार राइफल क्लब मैदान और उस पार जीआईसी मैदान ही दो बड़े सार्वजनिक मैदान हैं, जिनमें से जीआईसी मैदान में वर्षों से प्रदर्शनियां लगती आ रही हैं।ऐसे में राइफल क्लब मैदान का नीलामी के लिए प्रस्तावित किया जाना जनहित के खिलाफ है।अफसाना शाह ने आरोप लगाया कि यदि यह मैदान नगर पालिका से बाँदा विकास प्राधिकरण में फ्रीहोल्ड कराया गया है तो यह प्रक्रिया नियमों के विपरीत है,क्योंकि सार्वजनिक उपयोग में आने वाले मैदान को फ्रीहोल्ड नहीं किया जा सकता।उन्होंने कहा कि यदि फ्रीहोल्ड की प्रक्रिया में कोई त्रुटि हुई है तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि नगर पालिका द्वारा पहले और अब बाँदा विकास प्राधिकरण द्वारा दूसरी बार जनहित के विरुद्ध कदम उठाया जा रहा है,जिसे शहर और जनपद के युवा,खिलाड़ी और आम नागरिक स्वीकार नहीं करेंगे।उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि जनविरोधी निर्णय पर तत्काल रोक लगाई जाए।कांग्रेस ने बांदा विकास प्राधिकरण के रवैये की निंदा करते हुए कहा कि सार्वजनिक उपयोग की संपत्ति को किसी एक व्यक्ति के हित में नीलाम नहीं किया जा सकता।
राइफल क्लब मैदान की नीलामी के विरोध में कांग्रेस का सांकेतिक प्रदर्शन आज
फोटो 3
बाँदा।उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में राइफल क्लब खेल मैदान की प्रस्तावित नीलामी के विरोध में 5 जनवरी 2026 को सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।यह प्रदर्शन दोपहर 1 बजे बाबूलाल चौराहा, राइफल क्लब मैदान पर आयोजित होगा।कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि शासन-प्रशासन की मिलीभगत से 21 जनवरी 2026 को राइफल क्लब खेल मैदान की नीलामी प्रस्तावित है, जो जनहित और खिलाड़ियों के हितों के खिलाफ है।विरोध स्वरूप कांग्रेस कार्यकर्ता काली पट्टी बांधकर दो घंटे का गांधीवादी तरीके से शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे।इस प्रदर्शन में एआईसीसी,पीसीसी,पूर्व विधायक, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी,नगर,ब्लॉक, मंडल,तहसील व जिला स्तर के पदाधिकारी,सभी प्रकोष्ठों के अध्यक्ष,महिला कांग्रेस युवा कांग्रेस,सेवादल, एनएसयूआई के पदाधिकारी एवं खेल प्रेमी शामिल होंगे।जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेश दीक्षित एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष अफसाना शाह ने कांग्रेस जनों और आम नागरिकों से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
आंग्ल नववर्ष पर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने प्रवीण सिंह को दी बधाई
फोटो 4
बाँदा।आंग्ल नववर्ष के अवसर पर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने बुंदेलखंड यूथ फाउंडेशन के अध्यक्ष युवा भाजपा नेता एवं बाँदा में 16 जनवरी 2026 से आयोजित होने वाली बागेश्वर धाम कथा के मुख्य आयोजक प्रवीण सिंह से शिष्टाचार भेंट कर नए वर्ष की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।भेंट के दौरान प्रवीण सिंह ने भी सभी पदाधिकारियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कथा श्रवण के लिए अक्षत प्रदान कर आमंत्रित किया।प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों ने 16 से 20 जनवरी तक कथा श्रवण करने तथा यथासंभव सहयोग देने का निर्णय लिया।
रोटी बैंक टीम ने जरूरतमंदों को कंबल व गर्म कपड़े किए वितरित
फोटो 5
बाँदा।रोटी बैंक सोसाइटी द्वारा ग्राम चहितारा में जरूरतमंद ग्रामीणों को कंबल,गर्म कपड़े,जूते व चप्पल आदि का वृहद वितरण किया गया।इस कार्यक्रम में लगभग 325 ग्रामीण लाभान्वित हुए।कार्यक्रम का आयोजन सोसाइटी के संरक्षक शेख सादी जमा व सह संरक्षक चन्द्रमौली भारद्वाज के संरक्षण में,उपाध्यक्ष मोहम्मद सलीम की अध्यक्षता तथा अध्यक्ष रिजवान अली के नेतृत्व में किया गया।ग्राम प्रधान कारेलाल प्रजापति की उपस्थिति में समाजसेवी अध्यापिका अंजुम बानो द्वारा दान किए गए 20 कंबलों सहित शहर के जागरूक नागरिकों द्वारा दिए गए गर्म वस्त्र वितरित किए गए।इस अवसर पर रोटी बैंक सोसाइटी की टीम द्वारा ग्रामीणों को सर्पदंश,स्वास्थ्य, स्वच्छता,यातायात नियमों एवं कानूनी अधिकारों के प्रति भी जागरूक किया गया।कार्यक्रम में इरफान खान, अलीमुद्दीन,शहाना खान सहित कई पदाधिकारी,सदस्य व समाजसेवी उपस्थित रहे।सदस्य निहाल खान ने सभी का आभार व्यक्त किया।ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए खुशी जाहिर की।
ठिठुरती सर्दी में रब्बानी ट्रस्ट ने गरीबों को बांटे कंबल
फोटो 6
बाँदा।लगातार बढ़ती ठंड को देखते हुए गरीब और असहाय लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से रब्बानी ट्रस्ट द्वारा शहर में लगातार कंबल वितरण किया जा रहा है।इसी क्रम में रविवार दोपहर काशीराम कॉलोनी,हरदौली घाट में रब्बानी ट्रस्ट की ओर से सैकड़ों जरूरतमंद परिवारों को कंबल वितरित किए गए।कार्यक्रम में अमीर शोबाए तबलीग सैय्यद आबिद रब्बानी अपनी टीम के साथ मौजूद रहे।कंबल पाकर ठिठुरती सर्दी में गरीब और असहाय लोगों ने रब्बानी ट्रस्ट एवं सैय्यद आबिद रब्बानी को दुआएं दीं।इस अवसर पर मोहम्मद हनीफ रब्बानी,शाहरुख खान,कय्यूम, आमिर रब्बानी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
जोश-खरोश के साथ मनाई गई मौला अली की यौमे पैदाइश
हुसैनी 72 कमेटी ने निकाला जुलूस
फोटो 7
बाँदा।पैगम्बर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब के दामाद एवं इस्लाम के चौथे खलीफा हजरत अली की यौमे विलादत 13 रजब के अवसर पर शहर में जोश-खरोश के साथ मनाई गई।इस मौके पर हुसैनी 72 कमेटी द्वारा जुलूसे मौला अली निकाला गया,जिसका जगह-जगह अकीदतमंदों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस व प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।हुसैनी 72 कमेटी के प्रमुख साद खान की अगुवाई में शनिवार को निकाले गए जुलूस की शुरुआत अलीगंज स्थित हुसैनी 72 इमामबाड़ा से हुई। जुलूस सट्टन चौराहा,जिला परिषद, जामा मस्जिद,अमर टॉकीज चौराहा,बाबूलाल चौराहा ईदगाह,हाथीखाना होते हुए पुनः सट्टन चौराहा से अलीगंज पहुंचकर संपन्न हुआ।इस अवसर पर आरिफ मसूदी,मलिक नियाजी,सिप्तैन रजा,अफगान हुसैन, अतीक,ईशू फैज खान,हसन अली वारसी,हैदर रजा,हमजा नियाजी,आदिल मसूदी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध लकड़ी कटान धड़ल्ले से जारी
प्रशासनिक मिलीभगत का आरोप
फोटो 8
बाँदा।जनपद हमीरपुर के कई ग्रामीण इलाकों में अवैध रूप से लकड़ी कटान का कार्य खुलेआम किया जा रहा है। आरोप है कि प्रशासन के कुछ लोगों की मिलीभगत के चलते लकड़ी माफिया बेखौफ होकर पेड़ों की कटाई कर रहे हैं,जबकि संबंधित विभाग आंखें मूंदे हुए हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार इचौली,अटघार,सिरसी, खडेह,गुसियारी फतेहपुरा,कपसा सहित अन्य गांवों में बिना अनुमति और लाइसेंस के पेड़ों की कटाई की जा रही है।लकड़ी काटने वाले मजदूरों के पास न तो वैध कागजात हैं और न ही सुरक्षा के पर्याप्त साधन,जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।ग्रामीणों का कहना है कि अवैध कटान से पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है,वहीं वन विभाग और प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।लोगों ने मांग की है कि अवैध लकड़ी कटान पर तत्काल रोक लगाई जाए,दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो तथा क्षेत्र में नियमित निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।









विज्ञापन हेतु
रिपोर्टर बनने के लिए संपर्क +91-9355638761, +91-8429092222
सहयोग राशी 1150/- रूपये मात्र



