चित्रकूट स्टेडियम में द हंस फाउंडेशन की खेल प्रतियोगिताएं, हंस वॉरियर बनी विजेता
चित्रकूट।चित्रकूट स्टेडियम में द हंस फाउंडेशन द्वारा खेल प्रतियोगिताओं का भव्य और सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्रिकेट एवं शतरंज (चेस) प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें संस्था से जुड़े खिलाड़ियों एवं प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया।
क्रिकेट प्रतियोगिता में हंस इलेवन, हंस रॉयल और हंस वॉरियर—कुल तीन टीमों ने भाग लिया। सभी टीमों ने अनुशासन और खेल भावना का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला हंस इलेवन और हंस वॉरियर के बीच खेला गया, जिसमें हंस वॉरियर टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
मैच के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दादूराम को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल के लिए शैलेन्द्र सिंह को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार प्रदान किया गया।
इसके साथ ही आयोजित शतरंज प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी बौद्धिक क्षमता और रणनीतिक कौशल का प्रभावी प्रदर्शन किया। शतरंज प्रतियोगिता में आलोक गिरी ने शानदार खेल दिखाते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
खेल आयोजन का उद्देश्य द हंस फाउंडेशन के कर्मचारियों में टीम भावना को मजबूत करना, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देना तथा सकारात्मक कार्य-संस्कृति का विकास करना रहा। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि सभासद एवं वरिष्ठ पत्रकार शंकर प्रसाद यादव तथा विकास पथ सेवा संस्थान के निदेशक डॉ. प्रभाकर सिंह ने शील्ड देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की आयोजक एवं हंस फाउंडेशन की जिला प्रभारी राधा ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पूरी टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का आयोजन हर वर्ष किया जाता है, ताकि संस्था की टीम में आपसी सामंजस्य, सद्भाव और नई ऊर्जा का संचार हो सके, जिससे सभी सदस्य समाज सेवा के कार्यों को और अधिक उत्साह के साथ कर सके।







विज्ञापन हेतु
रिपोर्टर बनने के लिए संपर्क +91-9355638761, +91-8429092222
सहयोग राशी 1150/- रूपये मात्र



