हैदराबाद: पाकिस्तान की 17 साल की कंटेंट क्रिएटर सना यूसुफ की इस्लामाबाद में उनके घर के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे उनके चाहनेवालों के बीच सनसनी फैल गई. इस खबर की पुष्टि सना के दोस्त सैयद अली जैन बुखारी ने की है.




पाकिस्तान की जानी मानी सना यूसुफ की टिकटॉक और इंस्टाग्राम पर अच्छे-खासे फॉलोअर्स हैं. वह अपने सोशल मीडिया पर संस्कृति, लाइफस्टाइल और युवा सशक्तिकरण से जुड़े वीडियो शेयर करती थीं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोमवार 3 जून को पाकिस्तानी टिकटॉकर सना यूसुफ की इस्लामाबाद स्थित उनके आवास पर गोली मारकर हत्या कर दी गई.
सना के दोस्त ने की मौत की पुष्टि
वहीं, सना के दोस्त सैयद अली जैन बुखारी ने भी उनके मौत की पुष्टि की है. सैयद ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें वह कहते हैं, ‘सना यूसुफ, पाकिस्तानी टिकटॉकर… कुछ देर पहले उसका मर्डर हो गया है. मुझे विश्वास नहीं हो रहा है. ये कैसे संभव हो सकता है. मुझे यकीन नहीं हो रहा है. मैं पूरी तरह से शॉक्ड हूं. मेरा उससे मीट-अप हुआ था. साथ मिलकर हमने खाना खाया था. वह बहुत अच्छी लड़की थी. बहुत फनी लड़की थी. अल्ला ताला उसके घरवालों को शक्ति दें.’
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सना को एक अज्ञात हमलावर ने घर में घुसकर नजदीक से गोली मारी और मौके से फरार हो गया. सना को दो गोलियां लगीं और उसकी तुरंत मौत हो गई. बाद में उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) ले जाया गया.
मीडिया रिपोर्ट में पुष्टि की गई है कि पुलिस मामले की सक्रियता से जांच कर रही है, हालांकि अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है. हत्या के पीछे का मकसद अभी भी स्पष्ट नहीं है. वहीं, पुलिस सूत्रों का हवाला देते हुए रिपोर्ट में कहा गया है, ‘हत्यारे ने कथित तौर पर घर में घुसकर गोलीबारी की और फिर मौके से भाग गया.’
एक मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि संदिग्ध व्यक्ति शायद घर पर मेहमान बनकर आया था. पुलिस अधिकारियों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है, ‘सना यूसुफ, जो अपर चित्राल की रहने वाली थी और इस्लामाबाद के सेक्टर जी-13 में रहती थी, को उसके घर पर मिलने आए एक मेहमान ने गोली मार दी. हमलावर घटना के तुरंत बाद मौके से फरार हो गया और पुलिस ने संदिग्ध को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है.’
इस घटना से सोशल मीडिया पर रोष फैल गया है. सना के कई फॉलोअर्स न्याय की मांग कर रहे हैं. हालांकि, इस साल पाकिस्तान में किसी किशोर लड़की की हत्या से जुड़ा यह पहला मामला नहीं है.
सना का आखिरी पोस्ट
सना ने कुछ घंटे पहले अपने बर्थडे सेलिब्रेशन का एक वीडियो शेयर किया था. वीडियो में वह अपने दोस्तों के साथ अपने बर्थडे को एंजॉय करती दिख रही हैं. इसी जश्न के बाद टिकटॉकर की मौत की खबर ने उनके फैंस को हैरान कर दिया है.
सना से पहले इन पाकिस्तानी किशोरियों की भी हो चुकी है हत्या
इस साल की शुरुआत में एक मीडिया ने बताया कि क्वेटा में हीरा नाम की 15 साल की लड़की को उसके पिता और मामा ने गोली मार दी थी. उसके पिता और मामा ने टिकटॉक पर उसकी मौजूदगी के कारण ऑनर किलिंग के आरोप में गोली मार दी थी.
रिपोर्ट के अनुसार, पिता अनवारुल-हक अपनी बेटी की सोशल मीडिया गतिविधि से नाराज़ था और उसने उसे वीडियो पोस्ट करना बंद करने को कहा था. लेकिन, क्वेटा ने इससे इनकार कर दिया, जिसके बाद उसने अपने साले (पत्नी का भाई) साले तैयब अली के साथ मिलकर उसे मौत के घाट उता दिया.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने बताया कि अनवारुल-हक कई सालों से अपने परिवार के साथ अमेरिका में रह रहा था.वह 15 जनवरी को हीरा के साथ पाकिस्तान लौट आया, जबकि उसकी पत्नी और दो अन्य बेटियां अमेरिका में ही रहीं. जांच करने वाली टीम ने पुष्टि की कि हत्या पहले से नियोजित की गई थी. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और उन्होंने अपना अपराध कबूल कर लिया. मामले की जांच के लिए इंवेस्टिगेशन विंग को सौंप दिया गया है.
कौन है सना यूसुफ?
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के चित्राल की रहने वाली सना ने अपने टिकटॉक वीडियो के जरिए पॉपुलैरिटी हासिल की थी. वह एक सामाजिक कार्यकर्ता की बेटी थीं. उन्होंने युवाओं के लिए सांस्कृतिक जागरूकता, महिला अधिकारों और शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सहारा लिया था. उनके कंटेंट में अक्सर चित्राली की परंपराएं, इंस्पायर करने वाले वीडियो और कॉमेडी रील्स की झलकियां देखने को मिलती थी, जो जेन-जी के बीच काफी पॉपुलर थी.

विज्ञापन हेतु
रिपोर्टर बनने के लिए संपर्क +91-9355638761, +91-8429092222
सहयोग राशी 1150/- रूपये मात्र



