*चित्रकूट*
*चित्रकूट में सड़क सुरक्षा का संदेश गूंजा, मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में खुशी रहीं प्रथम*
चित्रकूट।
युवाओं में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को गोस्वामी तुलसीदास राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, चित्रकूट में मंडल स्तरीय सड़क सुरक्षा जागरूकता प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत भाषण, रील्स एवं नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बांदा, हमीरपुर और चित्रकूट जनपदों के जिला स्तर पर चयनित छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार पाल ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में सड़क दुर्घटनाएं एक गंभीर सामाजिक समस्या बन चुकी हैं। सड़क सुरक्षा केवल कानून का पालन भर नहीं है, बल्कि यह हमारे व्यवहार, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि यदि माता-पिता बचपन से ही बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी दें तो भविष्य में दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है। ऐसी प्रतियोगिताएं युवाओं को सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक बनाती हैं और समाज में सकारात्मक संदेश देती हैं।
भाषण प्रतियोगिता में गोस्वामी तुलसीदास राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, चित्रकूट की बीए छठवें सेमेस्टर की छात्रा ख़ुशी ने प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्होंने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व तथा लापरवाही से होने वाली दुर्घटनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। द्वितीय स्थान मानसी अवस्थी (राजकीय महिला महाविद्यालय, बांदा) तथा तृतीय स्थान सत्यम तिवारी (हमीरपुर) को प्राप्त हुआ।
रील्स प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने रचनात्मकता के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। इस प्रतियोगिता में आयुष सेन ने प्रथम, मधु ने द्वितीय एवं लक्ष्मी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं नुक्कड़ नाटक/लघु नाटिका प्रतियोगिता में चित्रकूट जनपद की आकांक्षा साहू, पुष्पा, आस्था एवं तान्या की टीम ने सशक्त अभिनय के जरिए दर्शकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। हमीरपुर की टीम द्वितीय तथा बांदा की टीम तृतीय स्थान पर रही।
कार्यक्रम में डायट प्रवक्ता अखिलेश पाण्डेय, बांदा राजकीय महाविद्यालय से डॉ. आलोक भारद्वाज एवं हमीरपुर राजकीय महाविद्यालय से डॉ. शिल्पी मुख्य निर्णायक के रूप में उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त डॉ. सीमा कुमारी, डॉ. नीरज गुप्ता, डॉ. धर्मेंद्र सिंह एवं डॉ. अजय सिंह ने भी निर्णायक की भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का सफल संयोजन सड़क सुरक्षा प्रभारी डॉ. गौरव पांडेय द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि मंडल स्तरीय प्रतियोगिताओं में चयनित विजेता आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे, जिसकी सूचना शीघ्र प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों की सराहना की गई और सड़क सुरक्षा के प्रति सतत जागरूक रहने का संकल्प दिलाया गया।








विज्ञापन हेतु
रिपोर्टर बनने के लिए संपर्क +91-9355638761, +91-8429092222
सहयोग राशी 1150/- रूपये मात्र



