



सैफई में सपा परिवार का शाही विवाह: आर्यन यादव सात फेरों के बंधन में बंधे, महोत्सव पंडाल में संपन्न हुई भव्य जयमाला
इटावा ब्यूरो चर्चा आज की
सपा के दिग्गज नेता हुए शामिल
सैफई। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के चचेरे भाई आर्यन यादव का विवाह मंगलवार को सैफई में पूरे पारंपरिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। सैफई महोत्सव पंडाल में आयोजित भव्य जयमाला समारोह दोपहर लगभग 12:30 बजे हुआ, जहां यादव परिवार के सभी सदस्य और सगे संबंधी भारी संख्या में मौजूद रहे। लद्दाख से पहुंचे दुल्हन पक्ष के लोगों का भी मंच पर विशेष सत्कार किया गया और विवाह की रस्में रीति-रिवाज के साथ पूर्ण की गईं।
परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में निकली बारात में पारंपरिक झलक देखने को मिली। पूरे आयोजन के दौरान अखिलेश यादव स्वयं मेहमानों से मिलते रहे और उनका गर्मजोशी से अभिवादन करते दिखाई दिए। विवाह में समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की उपस्थिति इस आयोजन को और खास बनाती रही।
कार्यक्रम में प्रोफेसर रामगोपाल यादव, शिवपाल सिंह यादव, सांसद धर्मेंद्र यादव सहित परिवार के कई वरिष्ठ सदस्यों का सक्रिय योगदान दिखा। महोत्सव पंडाल में वीआईपी अतिथियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं, जहां प्रदेश भर से पहुंचे सपा के शीर्ष नेता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, नेता विरोधी दल माता प्रसाद पांडे, नेता विरोधी दल विधान परिषद लाल बिहारी यादव, राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन, सांसद जितेंद्र दोहरे, सांसद देवेश शाक्य, सांसद आनंद भदौरिया, सांसद राजीव राय, एमएलसी मुकुल यादव, एमएलसी गुड्डू जमाली, विधायक पवन पांडे, विधायक राजू यादव सहित कई प्रमुख चेहरे मौजूद रहे।
विवाह आयोजन में अन्य दलों के नेताओं की भी उपस्थिति रही। पूर्व सांसद डीपी यादव, सांसद अफजाल अंसारी, विधायक अब्बास अंसारी के साथ ही भाजपा की ओर से केंद्रीय राज्य मंत्री एस.पी. सिंह बघेल और यूपी सरकार में राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह भी समारोह में शामिल हुए, जिनकी मौजूदगी कार्यक्रम की चर्चा को और बढ़ाती रही।
सैफई में आयोजित यह शाही विवाह समारोह राजनीतिक हस्तियों की मौजूदगी, सपा परिवार की एकजुटता और भव्य आयोजन व्यवस्था के कारण पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।

विज्ञापन हेतु
रिपोर्टर बनने के लिए संपर्क +91-9355638761, +91-8429092222
सहयोग राशी 1150/- रूपये मात्र



