

लखनऊ। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार चल रहे संरक्षा ड्राइव के तहत पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल द्वारा मण्डल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में गोंडा स्थित आरओएच डिपो में एक द्वितीय सेमिनार का आयोजन किया गया। इस सेमिनार की अध्यक्षता मुख्य चल स्टॉक इंजीनियर/फ्रेट एण्ड ईएनएचएम, गोरखपुर, श्री अनिल कुमार ने की।
सेमिनार का मुख्य उद्देश्य व्हील डिफैक्ट, सीसीएसबी, सेंटर पीवट असेंबली, और अनइवेन ब्रेक ब्लॉक वीयर जैसे महत्वपूर्ण तकनीकी पहलुओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए संरक्षा मानकों को और सुदृढ़ करना था। इस अवसर पर आरओएच फ्रेट एवं कोचिंग, गोंडा के पर्यवेक्षकों और कर्मचारियों को रेल मंत्रालय द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों के अनुपालन हेतु प्रेरित किया गया। उन्हें संरक्षित कार्य प्रणाली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करते हुए आधुनिक संरक्षा प्रणालियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
सेमिनार में प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें पर्यवेक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस प्रतियोगिता के माध्यम से न केवल उनकी जागरूकता बढ़ाई गई, बल्कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार भी प्रदान किए गए। विशेष रूप से, इस आयोजन में महिला कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी सराहनीय रही।
इस अवसर पर सीडीओ/गोंडा, फ्रेट एवं कोचिंग के पर्यवेक्षक, और कर्मचारी उपस्थित रहे। पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल संरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करने के लिए निरंतर ऐसे प्रयासों को बढ़ावा दे रहा है, ताकि रेल परिचालन में उच्चतम सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित हो सके।




विज्ञापन हेतु
रिपोर्टर बनने के लिए संपर्क +91-9355638761, +91-8429092222
सहयोग राशी 1150/- रूपये मात्र



