

तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को कुचला, मौके पर मौत से मचा कोहराम
इटावा ब्यूरो चर्चा आज की
इटावा।
सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रामलीला रोड पर स्थित शिवम् टॉकीज के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मृतक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जिससे परिवार सहित पूरे मोहल्ले में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कानपुर की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार रवि राठौर (30 वर्ष) पुत्र निवासी लालपुरा पजैया, नई बस्ती को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रवि गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस द्वारा ट्रक और उसके चालक की तलाश की जा रही है, वहीं हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।
बताया गया है कि मृतक रवि राठौर तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और कैमरों की फिटिंग का कार्य कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। अचानक हुई इस दुखद घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां-बाप और परिजनों का विलाप देख मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने रामलीला रोड पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




विज्ञापन हेतु
रिपोर्टर बनने के लिए संपर्क +91-9355638761, +91-8429092222
सहयोग राशी 1150/- रूपये मात्र



