पहाड़ी(चित्रकूट)पंचायत चुनाव नजदीक आते ही जिले के ग्रामीण इलाकों में माहौल बिगड़ता नजर आ रहा है। पहाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अरछा बरेठी में अराजक तत्वों ने सुरेंद्रनाथ गुप्ता के घर में आग लगा दी। घटना से गांव में दहशत फैल गई, वहीं लोगों में आक्रोश भी है।
ग्रामीणों के मुताबिक, बीते कुछ दिनों से चुनावी सरगर्मी के बीच कुछ लोग माहौल बनाने में जुटे हैं। कहीं शराब की पार्टियों के जरिए लोगों को लुभाने की कोशिश हो रही है तो कहीं दबाव और डर का सहारा लिया जा रहा है। इसी बीच हुई आगजनी की घटना ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सूत्रों का कहना है कि गांव का ही एक व्यक्ति कथित तौर पर थाने की दलाली करता फिर रहा है और शराब बिकवाने से लेकर पुलिस से बचाने तक का ठेका लेने की बात करता है। नाम न छापने की शर्त पर कुछ ग्रामीणों ने बताया कि आए दिन इसी वजह से गांव में झगड़े और विवाद होते रहते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि उक्त व्यक्ति दो नंबर के कार्यों में लिप्त है और अपने प्रभाव का दावा करता है।
हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि आगजनी की घटना की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी स्पष्ट कर रही है कि किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों या चुनावी माहौल बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने और निष्पक्ष जांच की मांग की है।






विज्ञापन हेतु
रिपोर्टर बनने के लिए संपर्क +91-9355638761, +91-8429092222
सहयोग राशी 1150/- रूपये मात्र



