सुलतानपुर : शिवगढ़ थाना क्षेत्र के ओझी गांव में दिलदहला देने वाली वारदात सामने आई है. सोमवार देर रात जागरण देखने गए युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई. खून से लथपथ युवक का शव गांव के खड़ंजे पर मिलने से हड़कंप मच गया. मामले की जानकारी पुलिस को दी गई. पुलिस करीब पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.




परिजनों के मुताबिक, ओझी गांव का रहने वाला आकाश अपनी मां के साथ गांव में ही एक पड़ोसी के घर रात में जागरण में गया था. परिजनों के मुताबिक, रात लगभग 11 बजे उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया, जिसके बाद वह कार्यक्रम स्थल से बाहर निकल गया. परिजन जब घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में खून से लथपथ युवक का शव खड़ंजे पर पड़ा मिला. आकाश के पेट, सीने और सिर पर गहरे घाव के निशान थे. गांव वालों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी.
पुलिस को मौके से हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद हुआ है, साथ ही बगल में बने एक खाली घर की फर्श पर खून फैला मिला है. आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या वहीं की गई और शव को बाहर फेंका गया. परिजनों ने बताया कि मृतक आकाश दिल्ली के चांदनी चौक में एक कपड़े की दुकान पर काम करता था. अभी दो दिन पहले ही वो घर लौटा था. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने छानबीन शुरू की. संदेह के आधार पर पुलिस पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
अपर पुलिस अधीक्षक अखण्ड प्रताप सिंह ने बताया कि हत्या के कारणों की जांच जारी है. फिलहाल तहरीर नहीं मिली है. तहरीर मिलते ही पूरे मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा.

विज्ञापन हेतु
रिपोर्टर बनने के लिए संपर्क +91-9355638761, +91-8429092222
सहयोग राशी 1150/- रूपये मात्र



