हमीरपुर।
मौदहा ब्लॉक क्षेत्र में सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने आज क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। अनशनकारी मौदहा ब्लॉक के छानी गांव से परसदवा जाने वाले मार्ग पर धरने पर बैठ गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि 29 दिसंबर को वे कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंप चुके हैं और सड़क निर्माण के लिए समय भी दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने से उन्हें अनशन का रास्ता अपनाना पड़ा है।ग्रामीणों ने बताया कि छानी से परसदवा जाने वाला मार्ग बेहद जर्जर स्थिति में है। हल्की बारिश होते ही सड़क पर इतना कीचड़ हो जाता है कि वाहनों का निकलना मुश्किल हो जाता है। मजबूरी में ग्रामीणों को करीब तीन किलोमीटर लंबा कीचड़ भरा रास्ता पैदल या वैकल्पिक साधनों से तय करना पड़ता है।अनशनकारियों का कहना है कि बरसात के मौसम में हालात और भी भयावह हो जाते हैं। मरीजों को चारपाई या बैलगाड़ी पर लादकर तीन किलोमीटर दूर तक ले जाना पड़ता है, क्योंकि कीचड़ के कारण एम्बुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती।ग्रामीण केशव निषाद और रामप्रकाश ने बताया कि हर चुनाव में सांसद और विधायक सड़क बनवाने का आश्वासन देते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद कोई जनप्रतिनिधि गांव की सुध नहीं लेता। ब्लॉक, तहसील और जिला मुख्यालय तक कई बार गुहार लगाने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।राजेंद्र कुमार ने बताया कि 29 दिसंबर को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते समय 5 जनवरी से अनशन की चेतावनी दी गई थी। जब इसके बाद भी काम शुरू नहीं हुआ तो मजबूरन ग्रामीणों को अनशन पर बैठना पड़ा। उन्होंने साफ कहा कि सड़क निर्माण का कार्य शुरू होने तक यह अनशन जारी रहेगा।







विज्ञापन हेतु
रिपोर्टर बनने के लिए संपर्क +91-9355638761, +91-8429092222
सहयोग राशी 1150/- रूपये मात्र



