




महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी सरकार गिरने के बाद चर्चाएं होने लगी थी कि देवेंद्र फडणवीस को फिर मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। हालांकि, तमाम अटकलें गलत साबित हुईं और करीब 40 विधायकों का समर्थन हासिल एकनाथ शिंदे को प्रदेश की कमान सौंपी गई। अब खुद फडणवीस ने खुलासा किया है कि उन्होंने ही शिंदे के नाम का सुझाव दिया था।
शनिवार को एक चैनल से बातचीत में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘एक बात में निश्चित तौर पर कह सकता हूं कि एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला मेरे साथ सलाह कर के ही लिया गया था। यहां तक मैं नेशनल टीवी पर यह भी कह सकता हूं कि वह मेरा ही प्रस्ताव था। मैंने पूछा कि उन्हें मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए और हमारे नेताओं ने प्रस्ताव को स्वीकर कर लिया। इसलिए निश्चित रूप से यह मेरे लिए चौंकाने वाला नहीं था।’
ये थी अटकलें
उस दौरान फडणवीस को उपमुख्यमंत्री बनाया गया था। खबरें थी कि वह सरकार से बाहर रहने पर विचार कर रहे थे, लेकिन अचानक घोषणा हुई कि वह डिप्टी सीएम बनेंगे। अटकलें ये भी थी कि उन्होंने यह फैसला केंद्र सरकार के दबाव में आकर लिया था। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भी फडणवीस को सरकार में रहने की सलाह दी थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कहा जा रहा था कि महाराष्ट्र में एमवीए सरकार के बनने के बाद से ही फडणवीस लगातार सीएम के तौर पर वापसी की कोशिश कर रहे थे, लेकिन शिंदे को सीएम बनाने के फैसले ने इन अटकलों पर विराम लगा दिया था।
क्यों लिया शिंदे के समर्थन का फैसला?
शनिवार को फडणवीस ने कहा, ‘महाराष्ट्र की स्थिति पर विचार करते हुए (शिंदे को समर्थन देने का) फैसला लिया गया था। मैंने सरकार से बाहर रहने का फैसला किया था, ताकि कोई यह न कहे कि हमने सत्ता, लालच के लिए हाथ मिलाया है। मेरे नेताओं ने मुझे कहा कि राज्य में सरकार चलाने के लिए मेरे अनुभव की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सरकार को बाहर से नहीं चलाया जा सकता है, इसलिए उन्होंने मुझे सरकार में शामिल होने को कहा।’
बदले की बात
इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से बदले की बात का भी जिक्र किया। इंडिया टुडे के अनुसार, डिप्टी सीएम ने कहा, ‘जब हम विपक्ष में थे, तो शिवसेना ने जैसा हमारे साथ बर्ताव किया, जिस तरह से उद्धव ठाकरे ने हमारी पीठ में छुरा मारा, हम बदले का मौका देख रहे थे। अगर कोई बगावत करने का फैसला करता है, तो हम उसे वापस जाने के लिए नहीं कहेंगे। हमने उन्हें 100 प्रतिशत समर्थन दिया। मुझे खुशी है कि जैसा अन्याय मेरे साथ हुआ था, हमने उसका बदला लिया।’
शिंदे भी कर रहे हैं पीएम मोदी की तारीफ
शुक्रवार को ही सीएम शिंदे ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार की तारीफ की। उन्होंने इशारों-इशारों में कह दिया कि पीएम मोदी ने दिवंगत बाल ठाकरे की इच्छाएं पूरी की हैं। उन्होंने कहा था, ‘बालासाहेब ने एक बार कहा था, मुझे एक दिन प्रधानमंत्री बना दो, मैं कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटा दूंगा, आयोध्या में राम मंदिर बना दूंगा। अब आर्टिकल 370 हट गया है और राम मंदिर भी बन रहा है।’

विज्ञापन हेतु
रिपोर्टर बनने के लिए संपर्क +91-9355638761, +91-8429092222
सहयोग राशी 1150/- रूपये मात्र



