बाँदा में 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया
बाँदा।जनपद में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया।इस अवसर पर महोखर इंडियन ग्रामीण वितरक तथा मां रनियां फिलिंग स्टेशन अतरहट में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष बलदेव प्रसाद वर्मा रहे,जिन्होंने ध्वजारोहण कर उपस्थित लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर गांव के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।इसी क्रम में शहर मुख्यालय से सटे ग्राम पंचायत मवाई बुजुर्ग स्थित एचपी गैस गोदाम के पास एलआरएम बाल मंदिर विद्यालय प्रांगण में भी राष्ट्रीय पर्व पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बाल कलाकारों द्वारा नशा मुक्ति और दहेज प्रथा जैसे सामाजिक विषयों पर शिक्षाप्रद नाटकों की प्रस्तुति दी गई। साथ ही देशभक्ति झांकियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य देवी चरण प्रजापति ने की,जबकि मंच संचालन पुरुषोत्तम कुमार बुंदेला द्वारा किया गया।बच्चों की प्रस्तुतियों को देखकर उपस्थित अभिभावकों और ग्रामीणों ने जमकर सराहना की।
तिरंगामय केन जल महाआरती में गूंजे देशभक्ति के जयकारे
फोटो 2
बाँदा।भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मंगलवार की शाम केन तट पर भव्य तिरंगामय केन जल महाआरती का आयोजन किया गया।कार्यक्रम विश्व हिंदू महासंघ गौ रक्षा समिति एवं गंगा समग्र कानपुर प्रांत के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।इस दौरान श्रद्धालुओं ने हाथों में तिरंगा लेकर केन मां की आरती वंदना की और देशभक्ति के जयकारे लगाए।जिला मीडिया प्रभारी मितेश कुमार ने बताया कि यह केन जल महाआरती देश के वीर शहीदों को समर्पित रही। कार्यक्रम में उपस्थित समिति के जिलाध्यक्ष महेश कुमार प्रजापति ने कहा कि देश के वीर सपूतों ने अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है।हम सभी को भी एकजुट होकर देशहित में कार्य करना चाहिए और आपसी सौहार्द बनाए रखना चाहिए।महाआरती के दौरान भारत माता की जय,वंदे मातरम्,वीर शहीद अमर रहें और केन मईया की जय के नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से गुंजायमान हो उठा।कार्यक्रम में युवा उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष प्रेम गुप्ता,जिला महामंत्री राकेश कुमार त्रिपाठी जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश कुमार धुरिया,नगर उपाध्यक्ष राहुल गुप्ता,रोहित निषाद सहित अनेक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 48वें क्रीड़ा समारोह का उद्घाटन
फोटो 3
बाँदा।राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 48वें क्रीड़ा समारोह का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष मालती बासू गुप्ता,विशिष्ट अतिथि शिवकुमार गुप्ता तथा महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) दीपाली गुप्ता द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।इसके पश्चात मुख्य अतिथि,विशिष्ट अतिथि एवं मंचासीन अधिकारियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।मुख्य अतिथि द्वारा क्रीड़ा समारोह की औपचारिक उद्घोषणा के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।इसके बाद इंडोर गेम्स के अंतर्गत बैडमिंटन,शतरंज एवं कैरम प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।बैडमिंटन प्रतियोगिता में सामिया खातून ने प्रथम स्थान तथा कशिश ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।शतरंज प्रतियोगिता में फिजा मंसूरी प्रथम तथा अंशिका गुप्ता द्वितीय स्थान पर रहीं। कैरम प्रतियोगिता में श्रुति गुप्ता ने प्रथम एवं दीपा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।कार्यक्रम का संचालन डॉ.सबीहा रहमानी द्वारा किया गया,जबकि धन्यवाद ज्ञापन क्रीड़ा प्रभारी डॉ.संजीव कुमार गुप्ता ने प्रस्तुत किया।इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
लोक कला के उत्थान हेतु विजय बहादुर श्रीवास्तव राज्यपाल से सम्मानित
फोटो 4
बाँदा।जनपद के ग्राम पैगंबरपुर निवासी विजय बहादुर श्रीवास्तव को लोक कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट एवं निरंतर योगदान के लिए 26 जनवरी को राजभवन, लखनऊ में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर सम्मानित किया गया।राज्यपाल आनंदीबेन पटेल द्वारा उन्हें “बाबा पागलदास गौरव सम्मान-2026” प्रदान किया गया।यह सम्मान नौटंकी लोक नाट्य कला के संरक्षण,संवर्धन एवं उसे राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए किए गए उल्लेखनीय प्रयासों के लिए दिया गया।सम्मान स्वरूप विजय बहादुर श्रीवास्तव को 51 हजार रुपये की धनराशि का चेक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।उल्लेखनीय है कि विजय बहादुर श्रीवास्तव इससे पूर्व भी संजीवनी सम्मान से सम्मानित हो चुके हैं। उनकी इस उपलब्धि से जनपद सहित लोक कलाकारों में हर्ष का वातावरण व्याप्त है।
ओवरलोड माल वाहनों के खिलाफ कार्रवाई
8 वाहन किए गए निरुद्ध
फोटो 5
बाँदा।सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह आयोजित किया जा रहा है।इसी क्रम में 28 जनवरी को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अट्ठाइसवें दिन जनपद में प्रवर्तन अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी श्याम लाल एवं यात्री मालकर अधिकारी वीरेन्द्र राजभर द्वारा ओवरलोड माल वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए आठ ओवरलोड वाहनों को जनपद के विभिन्न थानों में निरुद्ध किया गया।इसके अतिरिक्त सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर ‘नो पार्किंग’ के 22 चालान सहित विभिन्न अभियोगों के अंतर्गत कुल 58 वाहनों के चालान किए गए। परिवहन विभाग द्वारा वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप ही वाहनों का संचालन करने की अपील की गई है।
दुकानदार से रंगदारी व धमकी देने वाला अभियुक्त गिरफ्तार
फोटो 6
बाँदा।थाना तिन्दवारी पुलिस ने दुकानदार की दुकान में पर्ची फेंककर रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने वाले वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।पुलिस के अनुसार 21 जनवरी को एक दुकानदार की दुकान में धमकी भरा पत्र मिला था,जिसके संबंध में 26 जनवरी को अभियोग पंजीकृत किया गया था।मामले में पहले एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा जा चुका है।इसी क्रम में 28 जनवरी को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बबेरु रोड स्थित क्योटरा बहिंगा के पास से वांछित अभियुक्त भानू,निवासी अमलीकौर थाना तिन्दवारी,को गिरफ्तार किया।पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने अपराध स्वीकार किया,जिसकी तलाशी में 12 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया है।
गैंगस्टर और माफिया अपराधियों पर सख्त पैरवी करने वाले विशेष लोक अभियोजक सौरभ सिंह सम्मानित
फोटो 7
बाँदा।जनपद में संगठित अपराध,गैंगस्टर और माफिया अपराधियों के विरुद्ध न्यायालय में प्रभावी पैरवी कर अपराध नियंत्रण में अहम भूमिका निभाने वाले विशेष लोक अभियोजक सौरभ सिंह को उनके उत्कृष्ट अभियोजन कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।उत्तर प्रदेश सरकार के जल राज्य मंत्री रामकेश निषाद एवं पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल द्वारा सौरभ सिंह को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।यह सम्मान गैंगस्टर एवं माफिया अपराधियों के विरुद्ध न्यायालय में की गई सशक्त,निरंतर एवं प्रभावी पैरवी तथा अभियोजन के माध्यम से अपराधियों को सजा दिलाने में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका के लिए प्रदान किया गया।बताया गया कि मामलों की सूक्ष्म जांच,ठोस कानूनी तर्क और समयबद्ध पैरवी के चलते कई गंभीर मामलों में दोषसिद्धि सुनिश्चित हुई है,जिससे जनपद में कानून-व्यवस्था की स्थिति सुदृढ़ हुई है।इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि प्रभावी अभियोजन व्यवस्था अपराध नियंत्रण की सबसे मजबूत कड़ी है।उपस्थित अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सौरभ सिंह के कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कीचड़ भरे रास्ते से गुजरने को मजबूर स्कूली बच्चे
जलभराव की समस्या को लेकर अधिकारियों और विधायक को सौंपा जाएगा ज्ञापन
फोटो 8
बाँदा।विकासखंड महुआ के अंतर्गत सहेवा गांव में प्राथमिक विद्यालय के गेट से मुन्ना लाल प्रजापति के मकान तक जाने वाले मार्ग पर लंबे समय से जलभराव और कीचड़ की समस्या बनी हुई है।इस मार्ग से प्राथमिक विद्यालय एवं एक निजी विद्यालय के बच्चे प्रतिदिन गुजरते हैं,जिन्हें कीचड़ भरे रास्ते से होकर निकलने को मजबूर होना पड़ रहा है।यह मार्ग गांव की प्रमुख सड़क है,जिसका उपयोग बड़ी संख्या में ग्रामीण बांदा-बिसंडा मार्ग तक पहुंचने के लिए करते हैं।सड़क पर जलभराव,कीचड़ और गड्ढों के कारण दोपहिया वाहनों के फिसलने का खतरा बना रहता है।स्थानीय निवासी संजय प्रजापति ने बताया कि सड़क की यह स्थिति लगभग एक वर्ष से बनी हुई है और आए दिन लोग बाइक फिसलने से गिरते रहते हैं।ग्रामीणों के अनुसार संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई,लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।समाजसेवी सुमित शुक्ला ने बताया कि मार्ग की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है और इससे स्कूली बच्चों,राहगीरों एवं मोहल्लेवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने ग्राम प्रधान अशोक कुशवाहा से फोन पर वार्ता कर शीघ्र मरम्मत कराने का अनुरोध किया,जिस पर आश्वासन दिया गया है।समाजसेवी ने यह भी कहा कि जल्द ही संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपकर आरसीसी सड़क के मरम्मतीकरण की मांग की जाएगी।उल्लेखनीय है कि पूर्व में गांव की प्राथमिक कन्या पाठशाला के पास इसी प्रकार की समस्या को उठाए जाने के बाद वहां सड़क का मरम्मतीकरण कराया गया था।





विज्ञापन हेतु
रिपोर्टर बनने के लिए संपर्क +91-9355638761, +91-8429092222
सहयोग राशी 1150/- रूपये मात्र



