हमीरपुर । मौदहा बांध को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के बिल्कुल किनारे स्थित इस बांध को म्यूजिकल फाउंटेन, वाटर स्पोर्ट्स और एडवेंचर स्पोर्ट्स जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। इसके सुधार और विकास कार्यों के लिए 12.54 करोड़ रुपये की योजना तैयार की गई है, जिसकी टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। परियोजना पूरी होने के बाद हमीरपुर में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है, साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और आय के नए अवसर भी सृजित होंगे। मौदहा बांध हमीरपुर जिले के मुस्करा ब्लॉक क्षेत्र में बिरमा नदी पर स्थित है और क्षेत्र के किसानों के लिए जीवनरेखा माना जाता है। बांध का निर्माण वर्ष 1977 में शुरू हुआ था और 1999 में इसका लोकार्पण किया गया। 3.48 किलोमीटर लंबे इस बांध से लगभग 22,637 हेक्टेयर कृषि भूमि की सिंचाई होती है। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास होने के कारण सरकार ने इसे पर्यटन मानचित्र पर लाने की योजना बनाई है। प्रस्तावित सुविधाओं में बोटिंग व्यवस्था, इंटरप्रेटेशन सेंटर, एडवेंचर स्पोर्ट्स, सौंदर्यीकरण और आधारभूत ढांचे का विकास शामिल है। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के अनुरूप यह पहल क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय लोगों की आय बढ़ाने की दिशा में अहम मानी जा रही है।






विज्ञापन हेतु
रिपोर्टर बनने के लिए संपर्क +91-9355638761, +91-8429092222
सहयोग राशी 1150/- रूपये मात्र



