




समाजवादियों ने मृतक के परिजनों को दी आर्थिक सहायता,हर संभव मदद का आश्वासन
फोटो 1
बाँदा।समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एवं लोकसभा प्रभारी उमेश यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ग्राम मोतियारी,तहसील नरैनी पहुंचकर मृतक उद्र प्रताप यादव के परिजनों से मुलाकात की और उनकी पत्नी को आर्थिक सहायता प्रदान की।जानकारी के अनुसार 49 वर्षीय उद्र प्रताप यादव कुछ दिन पूर्व सुबह अपने खेत पर गए थे।खेत में दैवीय आपदा से हुई क्षति को देखकर उन्हें गहरा आघात लगा,जिसके चलते वहीं उनकी मृत्यु हो गई।मृतक अपने पीछे चार बच्चों-दो बेटे और दो बेटियां-को छोड़ गए हैं।परिवार के पास मात्र आधा बीघा जमीन है और आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर है।परिजनों ने बताया कि घटना के बाद अब तक उन्हें किसी प्रकार की सरकारी सहायता नहीं मिली है।इस पर समाजवादी कार्यकर्ताओं ने तत्काल आर्थिक सहयोग प्रदान करते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया।इस दौरान जिला मीडिया प्रभारी एवं प्रवक्ता प्रमोद गुप्ता राजा,प्रोफेसर सुनील यादव,राजेश सिंह, विपिन पटेल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बाँदा में मुफ्त राशन योजना से साढ़े तीन लाख से अधिक परिवारों को राहत
फोटो 2
बाँदा।उत्तर प्रदेश सरकार की मुफ्त राशन योजना के तहत जनपद में साढ़े तीन लाख से अधिक परिवारों को सीधा लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित यह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए सहारा बनती जा रही है,जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार देखने को मिल रहा है।विभागीय आंकड़ों के अनुसार जनपद में अंत्योदय अन्न योजना और पात्र गृहस्थी योजना के तहत नियमित रूप से राशन का वितरण किया जा रहा है।शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के कुल 3,52,289 राशन कार्डधारकों को इस योजना से जोड़ा गया है। इसमें 48,348 अंत्योदय कार्ड और 3,03,941 पात्र गृहस्थी कार्ड शामिल हैं।ई-पॉस मशीनों के माध्यम से पारदर्शी वितरण व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है,जिससे लाभ सीधे पात्र व्यक्तियों तक पहुंच रहा है और बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है।मुफ्त राशन मिलने से गरीब परिवारों की दैनिक जरूरतों पर होने वाला खर्च कम हुआ है,जिससे वे अपनी बचत का उपयोग बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में कर पा रहे हैं।प्रशासन का कहना है कि अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है और इस दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
वृद्धाश्रम में टीबी स्क्रीनिंग व जनरल हेल्थ कैंप आयोजित
फोटो 3
बाँदा।100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत गुरुवार को वृद्धा आश्रम में टीबी स्क्रीनिंग एवं जनरल हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया।कैंप में उपस्थित वृद्धजनों को टीबी के प्रमुख लक्षणों-दो सप्ताह से अधिक खांसी, मुंह से खून आना, बुखार,थकान,सीने में दर्द,सांस लेने में तकलीफ,रात में पसीना आना, गर्दन में गांठ तथा अन्य संबंधित संकेतों-के बारे में जागरूक किया गया।कैंप के दौरान संदिग्ध टीबी मरीजों की पहचान की गई और आवश्यकता अनुसार बलगम की जांच कराई गई।साथ ही हैंडहेल्ड (पोर्टेबल) एक्स-रे मशीन से जांच भी की गई।जनरल हेल्थ कैंप में वृद्धजनों का ब्लड प्रेशर,शुगर,वजन, हीमोग्लोबिन और नेत्र परीक्षण किया गया तथा उन्हें आवश्यक दवाएं वितरित की गईं।इस दौरान जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ.अजय कुमार और एसीएमओ डॉ.विजय केसरवानी मौजूद रहे।इसके अलावा पीएचसी बड़ोखर से डॉ.उपासना खरे, फार्मासिस्ट,नेत्र परीक्षक,एलटी रितेश कुमार,एक्स-रे टेक्नीशियन हरवंश कुमार सिंह,गनेश प्रसाद (डीपीपीएमसी,एनटीईपी),इन्द्र कुमार साहू (एसटीएलएस) अनिल यादव (टीवीएचवी) एवं सीएचओ सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
निर्माणाधीन गो संरक्षण केंद्र में अनियमितताएं मिलने पर कार्यवाही के निर्देश
फोटो 4
बाँदा।गुरुवार को जिलाधिकारी जे. रीभा ने निर्माणाधीन परियोजनाओं के स्थलीय निरीक्षण के क्रम में मलेहरा निवादा/गोविंदपुर स्थित वृहद गो संरक्षण केंद्र का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य अपूर्ण पाया गया तथा निर्माण में प्रयुक्त ईंटों की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं मिली।जिलाधिकारी ने कार्य की धीमी प्रगति और निर्माण सामग्री की खराब गुणवत्ता पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्यदायी संस्था यूपीसीएलडीएफ के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या मानकों से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराया जाए तथा गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि जनहित से जुड़ी परियोजनाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने किया स्कूल चलो अभियान और निःशुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण का शुभारंभ
फोटो 5
बाँदा।कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को स्कूल चलो अभियान एवं निःशुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण समारोह का शुभारंभ प्रदेश के जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया।इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य 6 से 14 वर्ष तक के अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करना है।उन्होंने छूटे हुए बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन कराने और विशेष रूप से बालिका शिक्षा पर जोर देते हुए सभी बालिकाओं को विद्यालय से जोड़ने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्राथमिक विद्यालयों में विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और ऑपरेशन कायाकल्प के तहत शिक्षा के स्तर में सुधार हुआ है।इस अभियान को जनसहभागिता के माध्यम से गांव और शहरों में जनजागरण के रूप में चलाने की आवश्यकता है।राज्यमंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्रों में 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों को प्राथमिक विद्यालयों में प्रवेश दिलाने पर भी जोर दिया और कहा कि कोई भी बच्चा ड्रॉपआउट न रहे।उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग में व्यापक सुधार किए गए हैं,जिसके तहत बच्चों को निःशुल्क शिक्षा,पाठ्य पुस्तकें, ड्रेस,मिड-डे मील सहित अन्य सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।कार्यक्रम में राष्ट्रीय अविष्कार अभियान के तहत आईआईटी गांधीनगर में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।साथ ही कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों को निःशुल्क पाठ्य सामग्री वितरित की गई,जिसमें बैग,पुस्तकें, टिफिन बॉक्स और पानी की बोतल शामिल रहे।कार्यक्रम के दौरान कठपुतली के माध्यम से बच्चों को स्कूल जाने के लिए प्रेरित किया गया।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल,जिलाधिकारी जे.रीभा,मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पांडेय,जिला विद्यालय निरीक्षक,जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी,शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
बबेरू के सर्वेश कुमार यादव का पीसीएस में चयन
137वीं रैंक के साथ बने असिस्टेंट कमिश्नर जीएसटी
फोटो 6
बाँदा।बबेरू तहसील क्षेत्र के मियां बरौली गांव निवासी युवक सर्वेश कुमार यादव के यूपी पीसीएस 2024 में चयन होने पर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।बुधवार को बबेरू कस्बे पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया और फूलमालाओं से अभिनंदन करते हुए पूरे कस्बे में जुलूस निकाला गया।सर्वेश कुमार यादव,जो रिटायर्ड आर्मी अधिकारी मेजर रामराज यादव के छोटे पुत्र हैं,ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित परीक्षा में 137वीं रैंक हासिल की है।उनका चयन असिस्टेंट कमिश्नर जीएसटी पद पर हुआ है। इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।स्वागत के दौरान सर्वेश कुमार यादव मढ़ीदाई मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने माथा टेककर आशीर्वाद लिया।उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता,बड़े भाई-भाभी, परिवारजनों और गुरुजनों को दिया।
इस अवसर पर यादव महासभा के प्रदेश अध्यक्ष देवराज यादव,पूर्व लोकसभा प्रत्याशी छोटेलाल यादव,राजू यादव सूरज यादव,पिता मेजर रामराज यादव,भाई पवनेश कुमार यादव सहित सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
फर्जी रजिस्ट्री कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़,लेखपाल समेत चार गिरफ्तार
फोटो 7
बाँदा।जिले में फर्जी गवाहों और कूट रचित दस्तावेजों के माध्यम से जमीनों की फर्जी रजिस्ट्री कराने वाले संगठित गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है।कार्रवाई में 25-25 हजार रुपये के दो इनामी समेत चकबंदी विभाग के एक लेखपाल सहित चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मटौंध पुलिस ने यह सफलता हासिल की।अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि खुटला निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था,जिसमें उसकी लगभग 34 बीघा जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कर दी गई थी।जांच में सामने आया कि गिरोह का सरगना राजेश अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीनों की खरीद-फरोख्त करता था। चकबंदी लेखपाल विजय प्रकाश जमीनों की जानकारी उपलब्ध कराता था,जबकि श्रीराम फर्जी आधार कार्ड व दस्तावेज तैयार करता था।पुलिस ने राजेश,विजय प्रकाश, श्रीराम और हरीकरन को गिरफ्तार कर लिया है।मामले में पूर्व में भी कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।आरोपियों के पास से लैपटॉप,प्रिंटर,फर्जी आधार कार्ड, चेक और जमीन के कागजात सहित अन्य सामान बरामद हुआ है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना मटौंध पुलिस के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।
बाँदा में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना से 4700 कारीगरों को मिला स्वरोजगार का सहारा
फोटो 8
बाँदा।विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत जिले में लगभग 4700 प्रवासी और स्थानीय कारीगरों को स्वरोजगार का अवसर मिला है।इस योजना ने पारंपरिक हुनर को नई दिशा देते हुए कामगारों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान किया है।जिले में बढ़ई,लोहार, कुम्हार दर्जी,टोकरी बुनकर,नाई, सुनार,मोची,हलवाई और राज मिस्त्री जैसे 10 पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े कारीगरों को योजना से जोड़ा गया है।इन्हें आधुनिक टूलकिट, प्रशिक्षण और अपना उद्यम शुरू करने के लिए ऋण उपलब्ध कराया गया है,जिससे वे स्वयं का रोजगार स्थापित कर सकें।योजना के तहत सामाजिक समरसता पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।बांदा में अनुसूचित जाति के 822 लाभार्थियों को सीधे लाभान्वित किया गया है,जिससे उन्हें मुख्यधारा में लाने और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में मदद मिली है।कोरोना काल के दौरान या अन्य कारणों से लौटे प्रवासियों के लिए यह योजना महत्वपूर्ण साबित हुई है।अब वे बाहर जाकर मजदूरी करने के बजाय जिले में ही स्वरोजगार के माध्यम से अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं।इससे स्थानीय स्तर पर लघु उद्योगों को बढ़ावा मिल रहा है और जिले की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।




विज्ञापन हेतु
रिपोर्टर बनने के लिए संपर्क +91-9355638761, +91-8429092222
सहयोग राशी 1150/- रूपये मात्र



