*डीएम को ज्ञापन सौंपकर की पोस्टमार्टम हाउस में 24 घंटे डॉक्टर तैनाती की मांग*




बदायूँ। जनपद के पोस्टमार्टम हाउस में शाम के बाद डॉक्टर की उपलब्धता न होने से मृतकों के शव पूरी रात मॉर्चरी में
पड़े रहने की समस्या लगातार सामने आ रही है। इस गंभीर विषय को लेकर अपराध निरोधक कमेटी बदायूँ के एक्टिव मेंबर ए.एस.एफ ग्रुप हैल्थ कियर अलीगढ़ के सीएमडी मौलाना हकीम अफरोज खान ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए पोस्टमार्टम हाउस में 24 घंटे डॉक्टर की शिफ्ट आधारित ड्यूटी लगाए जाने की मांग की है।
दिये गये ज्ञापन में कहा गया है कि जनपद में शाम 5 बजे के बाद होने वाली सड़क दुर्घटनाओं अथवा अन्य आकस्मिक घटनाओं में मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम अगली सुबह तक नहीं हो पाता। परिणामस्वरूप शव पूरी रात मॉर्चरी अथवा चिलघर में पड़ा रहता है जिससे शव में सड़न शुरू हो जाती है। इससे न केवल चिकित्सकीय साक्ष्य कमजोर पड़ते हैं बल्कि पीड़ित परिवार को भी पूरी रात मानसिक पीड़ा और असहनीय कष्ट झेलना पड़ता है।
हकीम अफरोज खान ने कहा यह स्थिति केवल प्रशासनिक देरी नहीं, बल्कि न्याय में देरी के समान है। पोस्टमार्टम में विलंब होने से कई मामलों में सच्चाई सामने आने में बाधा उत्पन्न होती है जिसका सीधा असर न्यायिक प्रक्रिया पर पड़ता है। उन्होंने तर्क देते हुए कहा कि जब जिला अस्पतालों की इमरजेंसी सेवाओं में डॉक्टर 24 घंटे शिफ्टों में ड्यूटी कर सकते हैं तो पोस्टमार्टम हाउस में भी डॉक्टरों की शिफ्ट आधारित 24 घंटे की ड्यूटी व्यवस्था तत्काल लागू की जानी चाहिए। इससे रात में होने वाली दुर्घटनाओं के शवों का समय पर पोस्टमार्टम संभव हो सकेगा और पीड़ित परिवारों को अनावश्यक पीड़ा से राहत मिलेगी। जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र आवश्यक आदेश जारी करने की मांग की गई।

विज्ञापन हेतु
रिपोर्टर बनने के लिए संपर्क +91-9355638761, +91-8429092222
सहयोग राशी 1150/- रूपये मात्र



