*अटल जयंती पर निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का भव्य आयोजन, 306 से अधिक लोगों ने लिया लाभ*
गाजियाबाद
भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय स्वर्गीय पंडित अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती के पावन अवसर पर गुरुवार को किसान नेशनल इंटर कॉलेज, मुरादनगर में वरदान नेत्र चिकित्सालय के तत्वावधान में 88वाँ निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अटल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर सेवा समर्पण के भाव के साथ किया गया।
इस जनकल्याणकारी शिविर में अनुभवी नेत्र चिकित्सकों द्वारा लगभग 306 लोगों की निःशुल्क नेत्र जाँच एवं परामर्श किया गया, जबकि 98 जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क ऑपरेशन हेतु पर्ची प्रदान की गई। जिनकी आंखों में सफेद काला मोतियाबिंद सहित अन्य समस्याओं का कारण मिला। शिविर में क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और सेवा कार्य की सराहना की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक अजीत पाल त्यागी एवं पूर्व महापौर आशु वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
पूर्व महापौर आशु वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि “श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी का जीवन सेवा, सुशासन और संवेदनशीलता का प्रतीक रहा है। उनकी जयंती पर निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर जैसे सेवा कार्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएँ पहुँचाने का सशक्त माध्यम हैं। सेवा ही सच्ची श्रद्धांजलि है।”
वहीं मुख्य अतिथि विधायक अजीत पाल त्यागी ने कहा कि “अटल जी के विचारों से प्रेरित होकर इस प्रकार के जनकल्याणकारी आयोजन समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाते हैं। वरदान नेत्र चिकित्सालय एवं वरदान सेवा संस्थान द्वारा किया गया यह पुनीत प्रयास सराहनीय है, जिसके लिए मैं पूर्व महापौर आशु वर्मा एवं उनकी पूरी टीम को बधाई देता हूँ।”
विधायक अजीत पाल त्यागी सहित उपस्थित स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने पूर्व महापौर आशु वर्मा द्वारा किए जा रहे निरंतर सेवा प्रयासों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
यह पुनीत आयोजन वरदान नेत्र चिकित्सालय एवं वरदान सेवा संस्थान के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी चिकित्सकों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
इस दौरान शिविर की शोभा एवं सेवा के लिए अरविंद भारती , दिनेश चौधरी, मनोज शर्मा, राहुल गोयल, विपिन चौधरी,जयप्रकाश शर्मा, मनवीर चौधरी, शिवनंदन शर्मा, राजवीर त्यागी मुकुट लाल अरोड़ा, अमित रंजन, संजय कौशिक आदि मौजूद रहे।





विज्ञापन हेतु
रिपोर्टर बनने के लिए संपर्क +91-9355638761, +91-8429092222
सहयोग राशी 1150/- रूपये मात्र



